आँखों के सामने फसल बर्बाद होते देख सदमे से किसान की मौत


अलीगढ़।। थाना पाली मुकीमपुर क्षेत्र के ल्हासकी गांव में फसलों को हुए नुकसान को देखकर एक किसान की सदमे से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। एसडीएम के आदेश पर हल्का लेखपाल व कानूनगो ने मौके पर जाकर नुकसान का सर्वे किया। देर शाम किसान का अंतिम संस्कार कर दिया गया। 


 नागर गांव के मजरा ल्हासकी निवासी 40 वर्षीय तोताराम खेती-किसानी का काम करते थे। पिछले दिनों हुई बारिश और आंधी के कारण उनकी धान और बाजरा की फसल में भारी नुकसान हुआ था। सोमवार को वह अपने खेत में धान की फसल में पानी डालने गए थे। परिवार वालों के अनुसार फसलों को हुए नुकसान को देखकर वह बेहोश होकर गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। खेत में भारी संख्या में लोगों की भीड़ लग गई।


 सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली। तोताराम की पत्नी सुमन ने बताया कि वह फसलों को हुए नुकसान को लेकर कई दिन से परेशान थे। उन्होंने बताया कि इसी फसल के सहारे तोताराम को कर्ज भी उतारना था। इसी सदमे में उनकी जान चली गई। इस संबंध में एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने बताया कि राजस्व कर्मियों से फसल में नुकसान का सर्वे करा लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवार की नियमानुसार सहायता कराई जाएगी। 


Popular posts