ब्लागर, न्यूज पोर्टल, डिजिटल जर्नलिस्टों को मिला सशक्त मंच, कार्यकारिणी की हुयी घोषणा, सुभाष विश्वकर्मा बने फोरम के महासचिव


लखनऊ ।। ब्लागर, न्यूज पोर्टल, डिजिटल जर्नलिस्ट को अब एक सशक्त प्लेटफार्म मिल गया है। डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट फोरम ने आज अपनी कार्यकारिणी की घोषणा करते हुये डिजिटल जर्नलिस्टों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।


राजधानी मे हुये एक कार्यक्रम मे, डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट फोरम की नौ सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ  पत्रकार व दैनिक समाचार पत्र के संपादक श्री रामेश्वर पांडेय ने पदाधिकारियों की घोषणा करते हुये बताया कि सर्वसम्मति से न्यूज 85 डाट इन के संपादक अनुराग यादव को डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट फोरम का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं फोरम के उपाध्यक्ष कांव-कांव डाट काम के संपादक हेमंत पांडेय और वरिष्ठ पत्रकार काशी प्रसाद होंगे।


फोरम के महासचिव पद पर चार लोगों को मनोनीत किया गया है। प्रभात मीडिया क्रिएशंस के सीईओ रंजीत गुप्ता, 24 घंटे आनलाईन डाट काम के संपादक रोहित सिंह, यूपी किरण डाट काम के संपादक सुभाष विश्वकर्मा और फर्क इंडिया डाट ओआरजी के संपादक अखिलेश कृष्ण मोहन डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट फोरम के महासचिव का कार्य देखेंगे। स्टार एक्सप्रेस डाट न्यूज के संपादक श्री नरेंद्र कुमार को फोरम का संगठन मंत्री मनोनीत किया गया है। कार्यकारिणी मे एकमात्र महिला सदस्य सुश्री नीति वर्मा को फोरम का कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
 
कार्यक्रम की अध्यक्षता दूरदर्शन के पूर्व अपर महानिदेशक प्रभुझिंगरन ने की। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से लोकप्रिय उद्घोषक और वरिष्ठ पत्रकार पी0के0तिवारी तथा दूरदर्शन की न्यूज रीडर दीपाली सिंह ने किया। इस अवसर पर भारी संख्या मे पत्रकार व मीडियाकर्मी उपस्थित थे।