प्रभात कुमार यूपीपीएसी के नये अध्यक्ष, राज्यपाल ने दी मंजूरी


लखनऊ। प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली को लेकर सुर्खियों में रहे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएसी) को नया अध्यक्ष मिल गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संस्तुति के बाद राज्यपाल राम नाईक ने सीएम के प्रस्ताव पर आयोग के अध्यक्ष पद के लिए 1985 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस प्रभात कुमार के नाम पर अनुमोदन प्रदान कर दिया है। राज्यपाल ने आयोग में सदस्य (शासकीय सेवा) के लिए प्रेम कुमार सिंह का नाम अनुमोदित किया है। 

बता दें कि आयोग के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. अनिरुद्ध यादव का कार्यकाल 30 जून को पूरा हो रहा है। डॉ. कुमार का कार्यकाल 62 वर्ष की उम्र तक रहेगा। डॉ. प्रभात 30 अप्रैल को कृषि उत्पादन आयुक्त के साथ ही अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा, यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनकी स्वच्छ और भ्रष्टाचार विरोधी छवि है। उन्होंने सहकारिता समेत कई विभागों में भ्रष्टाचार की जांच की और भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाई।


प्रभात कुमार मेरठ के मंडलायुक्त, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सहित कई अहम पदों पर रहे हैं। राज्य की सेवाओं के बड़े पदों पर भर्तियों की सबसे बड़ी इस स्वायत्तशासी संस्था में डॉ.कुमार की नियुक्ति से सुधार की उम्मीद बढ़ी है। डा.अनिरुद्ध सिंह यादव को राज्यपाल रामनाईक ने तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की संस्तुति पर आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया था। यादव का एक भी शैक्षिक रिकॉर्ड आयोग कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सीबीआई जांच कराने का मामला अब विवादित होता जा रहा है और मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।